भोपाल। महुआ आदिवासी समुदायों के भोजन, आजीविका और पारंपरिक जीवन का अहम हिस्सा रहा है। लेकिन समय के साथ महुआ के बीज से तेल निकालने की स्थानीय व्यवस्था कमजोर पड़ गई। अब मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के भीमपुर विकासखंड स्थित भंडवा गांव के लोगों ने सामूहिक प्रयास से इस परंपरा को फिर शुरू किया है। गांव में ही तेल प्रसंस्करण इकाई स्थापित कर ग्रामीण महुआ बीज से तेल निकाल रहे हैं।
भंडवा में करीब 348 गोंड आदिवासी परिवार रहते हैं। पहले यहां महुआ बीज से तेल निकाला जाता था, लेकिन पुरानी घानी बंद होने के बाद लोगों को करीब 25 किलोमीटर दूर चिचोली जाना पड़ता था या बीज व्यापारियों को बेचकर बाजार से तेल खरीदना पड़ता था।
इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने गांव में ही तेल प्रसंस्करण केंद्र स्थापित करने का फैसला किया। ग्राम पंचायत की जमीन पर बने इस केंद्र को ग्रीन चक्रा संस्था ने करीब 8 लाख रुपये की मदद दी। सितंबर 2026 से शुरू हुई इकाई में 7.5 हॉर्सपावर की मशीन लगाई गई है, जो 10 से 12 घंटे में करीब 6 से 7 क्विंटल महुआ बीज संसाधित कर सकती है।
इस पहल से बीज से निकलने वाले तेल के साथ उसकी खली भी ग्रामीणों को वापस मिल रही है। खली से जैविक कृषि इनपुट तैयार करने की दिशा में काम हो रहा है। 'महुआ गोल्ड' नाम से विकसित इस उत्पाद का गेहूं और चने की फसलों पर परीक्षण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में खेती की लागत घटाने और अतिरिक्त आय की उम्मीद है।
केंद्र के संचालन के लिए 13 सदस्यों का सामुदायिक समूह बनाया गया है, जो मशीन, खर्च और तेल की बिक्री से जुड़े फैसले लेता है। अब भंडवा के अलावा आसपास के 10 से 11 गांवों के लोग भी यहां महुआ बीज लेकर पहुंच रहे हैं। इससे उन्हें दूर जाकर तेल निकलवाने और अतिरिक्त खर्च उठाने से राहत मिल रही है।
भंडवा की यह पहल दिखाती है कि वन उपज का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण आदिवासी समुदायों के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर पैदा कर सकता है। ग्रामीण अब महुआ तेल की बिक्री बढ़ाकर इकाई के संचालन और शुरुआती निवेश की भरपाई करने की योजना बना रहे हैं।